सतीश पूनिया भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बने; लो-प्रोफाइल जाट नेताओं में गिने जाते हैं

  • ढाई माह से खाली चल रहा था राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद

  • 24 जून को मदनलाल सैनी के निधन के बाद नए अध्यक्ष को लेकर चल रहा था पार्टी में मंथन


जयपुर. आमेर से विधायक और प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनिया भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। पूनिया लगातार चार बार पार्टी के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। माना जा रहा है कि नए अध्यक्ष की नियुक्ति सोशल इंजीनियरिंग में सबसे फिट बैठी है। पूनिया को संघ पृष्ठभूमि का भी माना जाता है। मदनलाल सैनी के निधन से भाजपा अध्यक्ष पद लगभग ढाई माह से रिक्त चल रहा था।


प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तीन नामों को लेकर काफी दिन से मंत्रणा चल रही थी। अन्य दावेदारों में सांसद राज्यवर्धन राठौड़्र, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ शामिल थे। पूनिया लो-प्रोफाइल जाट नेताओं में गिने जाते हैं। भाजपा सूत्रों की मानें तो राजपूत जाति से गजेंद्र सिंह और अर्जुनराम मेघवाल को केंद्र में मंत्री बनाने के बाद सोशल इंजीनियरिंग के लिहाज से ब्राह्मण और जाट नेताओं में से प्रदेशाध्यक्ष चुनने पर मन्थन चल रहा था। अंतत: जाट नेता के तौर पर पूनिया ने बाजी मार ली।


पूनिया लगातार 14 साल तक भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहे हैं। राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदनलाल सैनी का 24 जून को निधन होने के बाद से यह पद खाली था। अक्टूबर और नवंबर में राजस्थान के नगरीय निकायों के चुनाव हैं, ऐसे में भाजपा को नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार था।